भारत की तलाश

 

Sunday, June 1, 2008

सात वर्ष की शीलू चलाती है सिलाई सेंटर

कहते हैं कि प्रतिभा उम्र की मोहताज नहीं होती है। तभी तो मिर्जापुर जिले की शीलू मिश्रा (उम्र 7 वर्ष) न सिर्फ अपने से पांच गुनी बड़ी लड़कियों को सिलाई सिखाती है, बल्कि अपनी बीमार मां की आर्थिक रूप से मदद भी कर रही है। शीलू मिश्रा की यह प्रतिभा पूरे क्षेत्र में चर्चा का विषय बनी हुई है।

नाम शीलू मिश्रा, उम्र सात वर्ष, पता मिर्जापुर जिले के अनंत राम पट्टी गांव, क्लास वन। लेकिन प्रतिभा ऐसी कि हर कोई दांतों तले ऊंगलियां दबा ले। जी हां, शीलू मिश्रा जो कि न तो अपने हाथ से अभी खाना खा पाती है और न ही खुद से तैयार होकर स्कूल जाती है, लेकिन कपड़े पर कैंची इस तरह चलाती है जैसे बड़ा टेलर मास्टर। यही नहीं अपनी मां की बीमारी के बाद उसने न सिर्फ उसका सिलाई सेंटर संभाला, बल्कि पूरे घर का खर्च भी अपने हुनर से निकालती है। सात वर्ष की शीलू यह सब कुछ अपनी मां से सीखकर पिछले एक वर्ष से कर रही है।

शीलू की मां आशा मिश्रा अपने घर के खर्च के लिए यह सिलाई सेंटर पिछले पांच साल से चला रही थीं। इसमें अनंत राम पट्टी गांव की महिलाओं को वह सिलाई, कढ़ाई सिखाती थीं। लेकिन अचानक आई बीमारी ने सब कुछ ध्वस्त कर दिया। घर की गिरती माली हालत ने शीलू मिश्रा के अंदर हौसला भर और उसने अपनी मां के कामों में हाथ बटाने का निश्चय किया और आज पूरा सिलाई सेंटर शीलू न सिर्फ चलाती है बल्कि इससे कमाए पैसे से घर का खर्च भी चलाती है। शीलू के सिलाई सेंटर में एडमिशन फीस 65 रुपये है तथा 50 रुपये महीने की फीस देनी पड़ती है। शीलू की मां बैठे-बैठे दिशा निर्देश देती है और शीलू सिलाई सेंटर चलाती है। शीलू की मां आशा मिश्रा बताती हैं कि जब हमें अपनी बीमारी का पता चला तब हमने सोचा कि अब हमारे घर का खर्चा कैसे चलेगा, लेकिन शीलू ने सब संभाल लिया।

इंडो-एशियन न्यूज सर्विस के अनुसार शीलू के इस सिलाई सेंटर में वर्तमान समय में कुल 24 लड़कियां हैं जिनकी उम्र 18 से लेकर 42 साल तक की है। शीलू हाथ में कैंची और इंच टेप लेकर मास्टर की तरह घूम-घूम कर सबको सिखाती है। बड़ी लड़कियों को भी इस छोटी सी लड़की से सीखने में कोई गुरेज नहीं होता है। गांव की ही एक लड़की सुमन पाण्डेय जो यहां सिलाई सीखने आती है, कहती है कि जब हमने सुना की सात साल की लड़की सिलाई सिखाती है, तो मुझे विश्वास ही नहीं हुआ, लेकिन जब यहां आए तब शीलू के रूप में मुझे एक अच्छी टीचर मिली। शीलू से सिलाई सीख चुकी रेखा यादव कहती हैं कि गुण सीखने के लिए उम्र नहीं देखनी चाहिए, शीलू से सीखने में मजा भी आता है।

बेटी के इस हुनर को देखकर उसके पिता राम जी मिश्रा फूले नहीं समा रहे हैं, क्योंकि चार बेटी और एक बेटा वाले परिवार का खर्च अब शीलू के इस हुनर की वजह से आसानी से चल रहा है। मिश्रा जी बड़े गर्व से कहते हैं कि शीलू बेटी नहीं हमारा बेटा है। अपने पांचों भाई-बहनों में सबसे छोटी शीलू अपने सिलाई सेंटर की जिम्मेदारी पिछले एक साल से संभाले हुए है। आज वह न सिर्फ सब कुछ सिल लेती है, बल्कि गांव की लड़कियों को भी सिखा भी रही है। शीलू की इस प्रतिभा और हौसले को देखकर गांव की अन्य लड़कियां भी काफी उत्साहित हैं।

Tuesday, May 27, 2008

दो लाख से ज़्यादा परीक्षार्थी हिंदी में फेल हो गए, उत्तरप्रदेश में!

उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद की इंटरमीडिएट परीक्षा में मातृभाषा हिंदी में ही सवा दो लाख परीक्षार्थी फेल हो गये। 2008 की इंटरमीडिएट परीक्षा में सूबे में 17 लाख 4 हजार 660 परीक्षार्थी शामिल हुये थे। इनमें 11 लाख 68 हजार 889 उत्तीर्ण हुये। इस प्रकार 5 लाख 71 हजार 771 परीक्षार्थी फेल हो गये।

इंटरमीडिएट में हिंदी दो विषयों 'हिंदी' व 'सामान्य हिंदी' के रूप में पढ़ाई जाती है। सामान्य हिंदी विज्ञान व वाणिज्यिक वर्ग में तथा अन्य वर्गो में हिंदी का पर्चा होता है। इस वर्ष हिंदी में 3 लाख 98 हजार 877 छात्र शामिल हुए थे। इनमें से 3 लाख 4895 सफल रहे। 5 लाख 76 हजार 713 छात्राओं ने परीक्षा दी जिनमें 5 लाख 11 हजार 311 सफल रहीं। छात्राओं का पास प्रतिशत 91. 07 रहा तो छात्र उनसे पीछे रहे। दोनों को मिलाकर 9 लाख 60 हजार 290 विद्यार्थियों ने परीक्षा दी। इनमें 8 लाख 16 हजार 206 ने सफलता पाई। इस प्रकार 1 लाख 44 हजार 84 परीक्षार्थी फेल हो गये। सामान्य हिंदी में भी छात्राएं आगे रहीं। उनका पास प्रतिशत 94.49 प्रतिशत रहा जबकि छात्र 87.30 प्रतिशत ही पास हो सके। सामान्य हिंदी में शामिल होने वाले छात्र छात्राओं की संख्या 6 लाख 73 हजार 300 थी। इनमें 5 लाख 96 हजार 952 पास हुये। हिंदी व सामान्य हिंदी दोनों में मिला कर कुल 2 लाख 20 हजार 132 परीक्षार्थी फेल हुए। हिंदी का 84.99 व सामान्य हिंदी का 88.70 प्रतिशत रहा है।

दैनिक जागरण के अनुसार, गुरुनानक इंटर कालेज के हिंदी प्रवक्ता अखिलेश कुमार शुक्ला कहते हैं, 'अंग्रेजी तो विदेशी भाषा है परंतु अपनी भाषा में इतनी संख्या में छात्र-छात्राओं का अनुत्तीर्ण होना दुर्भाग्यपूर्ण है। बोर्ड को पाठ्यक्रम, शिक्षण विधि, शिक्षकों की उपलब्धता आदि की समीक्षा कर इसके कारण तलाश कर हल निकालना चाहिये।' दूसरी भारतीय भाषाओं की सफलता का आकलन करें तो हिंदी व संस्कृत से भी बढ़कर पंजाबी भाषा का परिणाम सर्वाधिक रहा है। अच्छी बंगला जानने वालों में छात्राएं आगे हैं। छात्राएं शत प्रतिशत सफल रहीं तो छात्र 44 प्रतिशत ही सफल हुए।

Sunday, May 25, 2008

बीमा दावा के रूप में मिले रेकॉर्ड 307 करोड़ रुपये

हिमाचल प्रदेश में सतलुज जल विद्युत निगम लिमिटेड ने देश के इतिहास में अब तक का सबसे बड़ा इंश्योरेंस भुगतान (307 करोड़ रुपये) लेकर एक नया रेकॉर्ड बनाया है। सितंबर, 2005 में सतलुज नदी में आई बाढ़ से 1500 मेगा वाट नाथपा झाखड़ी पनबिजली परियोजना के स्टेशन और इससे संबद्ध आधारभूत ढांचे को हुए भारी नुकसान और बिजली उत्पादन ठप होने से हुए नुकसान के लिए सतलुज जल विद्युत निगम ने नेशनल इंश्योरेंस कंपनी को दावा भेजा था।

नैशनल इंश्योरेंस कंपनी के अध्यक्ष एवं एमडी वीरामास्वामी ने 307 करोड़ रुपये का चेक शिमला में विद्युत निगम के अध्यक्ष एवं एमडी एच.के. शर्मा को दिया। उन्होंने कहा कि देश के इतिहास में इतना बड़ा बीमा भुगतान पहली बार किया जा रहा है।

Wednesday, May 21, 2008

महिला ने बीच बाजार कपड़े उतार कर विरोध प्रदर्शन किया: क्या इसे गांधीगिरी कहेंगे?

बलात्कार की शिकार एक महिला ने पंजाब पुलिस द्वारा अपराधियों के खिलाफ रिपोर्ट न लिखने के कारण अर्धनग्न होकर विरोध प्रर्दशन किया जिसके कारण पुलिस ने उसे हिरासत में ले लिया। पीड़ित ने सोमवार, 19 मई को अपने कपड़े उतार दिए और भीड़-भाड वाले फिरोजपुर-लुधियाना राजमार्ग पर पुलिस द्वारा कोई कार्रवाई न किए जाने पर चिल्ला-चिल्लाकर विरोध प्रदर्शन किया। रास्ते पर चलने वाले लोग इस तरह के विरोध को देखकर हतप्रभ रह गए।

पुलिस थाने से केवल सौ मीटर की दूरी पर पीड़िता ने विरोध प्रदर्शन किया। एक राहगीर ने इसकी सूचना थाने में दी। थोड़ी देर में ही पुलिस ने महिला को पुलिस हिरासत में ले लिया। गिरफ्तारी के लिए किसी महिला पुलिस को नहीं बुलाया गया था। इस घटना से शर्मसार पुलिस ने घोषणा की कि उसने पीड़ित महिला के बयान को लिख लिया है और उसने दो लोगों के खिलाफ कथित रूप से बलात्कार का मामला दर्ज किया है। जिला पुलिस प्रमुख अशोक भट्ट ने कहा कि महिला के विरोध प्रदर्शन से पहले ही मामला दर्ज कर लिया गया था। हालांकि उन्होंने कहा कि महिला द्वारा शिकायत करने के बाद कुछ देरी जरूर हुई क्योंकि पुलिस उस दौरान मामले की जांच कर रही थी।

इस महिला का आरोप है कि उसकी बेटी के सामने ही उसके दो रिश्तेदारों ने उसके साथ बलात्कार किया। इसकी शिकायत लेकर जब वह पुलिस के पास गई तो उसकी शिकायत दर्ज करने के बजाए उसे भगा दिया गया। इस घटना के बाद वह मोगा के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के कार्यालय में भी गई लेकिन वहां भी उसकी शिकायत नहीं सुनी गई। मजबूर होकर इस महिला ने मोगा की बाजार के बीच में खड़े होकर अपने कपड़े उतारकर और अपना सीना पीट-पीटकर लोगों को अपनी आप बीती सुनानी लगी।

Sunday, May 18, 2008

खेतिहर मजदूर के बेटे को NASA से न्यौता

महाराष्ट्र के कोल्हापुर के १७ साल के श्रीधर की कहानी बस चमत्कारिक है। दलित परिवार के इस लड़के की किस्मत खुली शोध प्रतियोगिता से। आकाशगंगा पर श्रीधर के सिद्धांत को न सिर्फ इनाम मिला बल्कि नासा के दरवाजे खुल गए। खेत में काम करने वाले मजदूर के बेटे को नासा ने बतौर जूनियर साइंटिस्ट काम करने का न्यौता दिया है।

श्रीधर अभी नासा तो नहीं पहुंचा है, लेकिन उसके गांव में लोग काफी खुश हैं। उसे न सिर्फ नासा से बल्कि कोलोरैडो यूनिवर्सिटी से ग्रैजुएशन की पढ़ाई के लिए बुलावा आया है। लेकिन यह सब इतना आसान नहीं होगा। पहले 2 साल का खर्च श्रीधर को वहन करना पड़ेगा। जिसके लिए महाराष्ट्र सरकार ने ५० लाख की सहायता का आश्वासन दिया है। तीसरे साल से नासा से १००० डॉलर मासिक छात्रवृति मिलेगी।

Saturday, May 17, 2008

वेतन १९ हजार, एक दिन की कमाई सवा लाख

दिल्ली सरकार की एंटी करप्शन ब्रांच ने अशोक विहार ट्रांसपोर्ट अथॉरिटी के एमएलओ (Motor Licensing Officer) प्रवीण देसाई को गिरफ्तार कर लिया है। देसाई का चपरासी रामसिंह भी पकड़ा गया, जबकि बीट कॉन्स्टेबल मिथलेश फरार है। इसी ट्रांसपोर्ट अथॉरिटी का इंस्पेक्टर और सात दलाल पहले ही गिरफ्तार किए जा चुके हैं। ब्रांच के मुताबिक देसाई का वेतन 19 हजार रुपये है, जबकि उनकी हर दिन की कमाई एक से सवा लाख रूपए थी। उनके पास साउथ दिल्ली में पांच करोड़ रुपये का घर है, जिसके बाथरूम में भी एसी लगे हुए हैं।

एंटी करप्शन ब्रांच के अडिशनल कमिश्नर एन. दिलीप कुमार ने बताया कि अशोक विहार ट्रांसपोर्ट अथॉरिटी में ड्राइविंग लाइसेंस दलालों और बिचौलियों के माध्यम से रिश्वत लेकर बनाए जा रहे थे। इस इलाके का बीट कॉन्स्टेबल मिथलेश इस रिश्वतखोरी में मदद करता था। ट्रांसपोर्ट अथॉरिटी का एक इंस्पेक्टर एक दिन में 100-125 ड्राइविंग लाइसेंस ही बना सकता है, लेकिन यहां हर दिन 250-300 लाइसेंस बनाए जा रहे थे। यहां तक कि बिचौलिए ही अफसरों को काम में मदद कर रहे थे और ये लोग ही उम्मीदवार का ड्राइविंग टेस्ट लेते थे। यह जानकारी मिलने के बाद एंटी करप्शन ब्रांच ने अशोक विहार ट्रांसपोर्ट अथॉरिटी में कई दिन तक स्टिंग ऑपरेशन किया। रिश्वतखोरी की विडियो और ऑडियो रिकॉडिंग की गई। सबूत मिलने के बाद इंस्पेक्टर नरेंद्र सिंह राणा और सात दलालों को गिरफ्तार किया गया। इस दौरान कई दस्तावेज बरामद किए गए। इसके बाद गुरुवार को एमएलओ प्रवीण देसाई और उनके चपरासी राम सिंह को गिरफ्तार कर लिया गया। राम सिंह रिश्वतखोरी में हाथ बंटाता था। अब इस एरिया के बीट के सिपाही मिथलेश और दलाल महेश की तलाश की जा रही है। दोनों फरार हो गए हैं।

नवभारत टाइम्स को अफसरों ने बताया कि प्रवीण देसाई ने पिछले साल साउथ दिल्ली की पॉश कॉलोनी ग्रीन पार्क एक्सटेंशन में फ्लोर खरीदा था। इसकी बाजार में कीमत 4.5-5 करोड़ रुपये बताई जा रही है। इस फ्लैट में छह एसी लगे हैं। बाथरूम में भी एसी लगा हुआ है। देसाई की सैलरी 19 हजार रुपये है। उनकी पत्नी हाउसवाइफ हैं। ब्रांच के अफसर के मुताबिक, गिरफ्तार मुलजिमों से पूछताछ में जानकारी मिली है कि देसाई की हर दिन की कमाई एक से सवा लाख रुपये थी।

तीन साल के बच्चे ने गोली चलायी!?

हमारी पुलिस तो है ही कमाल की, चाहे वह मध्यप्रदेश की पुलिस हो या उत्तर प्रदेश की पुलिस। उसके लिए कुछ भी असम्भव नहीं हैं। तभी तो उसने बगैर कुछ सोचे विचारे महज तीन साल के मासूम को भी गोली चलाने का आरोपी बना डाला।

मामला मध्य प्रदेश में छतरपुर जिले के नौगांव थाने का है। घटना कोई तीन माह पुरानी है। वीरपुरा गांव में 7 फरवरी को हरिहरण गंगेले पर जान लेवा हमला होता है। उन पर गोली चलाई जाती हैं, मगर वे बच जाते हैं। उनकी रिपोर्ट पर नौगांव पुलिस प्रताप सिंह राय, सुघर सिंह, राघवेन्द्र सिंह और राघवेन्द्र के छोटे भाई (मृगेन्द्र) को आरोपी बना देती हैं। इस मामले के तीन दिन बाद ही प्रताप सिंह की गिरफ्तारी हो जाती हैं और शेष तीन लोग फरार घोषित कर दिए जाते हैं।

दैनिक देशबंधु की ख़बर है कि, घटना के 90 दिन बाद नौगांव के न्यायालय में चालान पेश किया जाता है। राघवेन्द्र जब अपने भाई मृगेन्द्र के साथ न्यायालय में पेश होता है तो सभी हतप्रभ रह जाते हैं। ऐसा इसलिए क्योंकि पुलिस ने जिस मृगेन्द्र को हत्या के प्रयास का आरोपी बनाया है, उसकी उम्र महज 3 साल ही हैं। न्यायालय ने मृगेन्द्र पर कार्रवाई करने की बजाए उसे कोर्ट से ले जाने के आदेश दिए। मजे की बात हैं कि पूरे 90 दिन में पुलिस ने प्रकरण की जांच की और चालान न्यायालय में पेश कर दिया। पुलिस ने यह तक जानने की कोशिश नहीं की कि आरोपी कौन हैं और उनकी उम्र क्या हैं। इस सम्बन्ध में छतरपुर के पुलिस अधीक्षक डीं श्रीनिवास वर्मा का कहना है कि यह गड़बड़ी विवेचना करने वाले अधिकारी से हुई हैं। उसने पूरे प्रकरण और आरोपियों के बारे में ज्यादा खोज खबर नहीं की। इतना ही नहीं उसने विवेचना पूरी कर ली और न्यायालय में चालान पेश कर दिया। इस प्रकरण ने पुलिस के उस चेहरे को बेनकाब करने का काम किया है जिसे कम लोगों ने देखा हैं। साथ ही पुलिस को अपना वह चेहरा भी दिख गया, जिसे उसने खुद कम देखा है।