भारत की तलाश

 
Showing posts with label मध्यप्रदेश. Show all posts
Showing posts with label मध्यप्रदेश. Show all posts

Wednesday, September 10, 2008

बदन पर बम बांधकर बीवी के साथ खुद को उड़ा लिया

मध्य प्रदेश के टीकमगढ़ जिले में एक शख्स खुद ही मानव बम बन गया। मध्यप्रदेश के टीकमगढ़ के रहने वाले मुलायम सिंह ने अपने बदन पर बम बांधकर अपनी बीवी के साथ खुद को उड़ा लिया। मुलायम सिंह की तो दुर्घटना स्थल पर ही मौत हो गई लेकिन उसकी बीवी नीलू सिंह बच गई। वो अस्पताल में जिंदगी और मौत के बीच जंग लड़ रही है।

आईबीएन-7 के मुताबिक हुआ यह कि मुलायम सिंह की बीवी नीलू रक्षाबंधन पर अपने मायके गई हुई थी। मुलायम सिंह कई बार अपनी बीवी को लेने अपनी ससुराल गया लेकिन उसे निराशा ही हाथ लगी। इस घटना वाले दिन से एक दिन पहले भी वो पत्नी को लेने ससुराल गया था। चश्मदीदों के मुताबिक, जिस दिन वो दोबारा ससुराल पहुंचा लेकिन इस बार उसके इरादे बहुत ही खतरनाक थे। उस दिन मुलायम सिंह मानव बम बनकर आया था। उसने अपनी बीवी को बाहर बुलाया और उसे अपने साथ चलने के लिए कहा। जब पत्नी ने मना कर दिया तो मुलायम ने पेट में बंधे बम के ट्रिगर को दबा दिया। मुलायम सिंह ने अपने पेट में जो बम बांधा हुआ था उसे उसने डिटोनेटर के जरिए उड़ाया था।

Sunday, June 15, 2008

वाह-वाह, वाह-वाह, वाह-वाह

वैसे तो यह मात्र एक ख़बर है लेकिन यदि इसे गृह राज्य मंत्री के ताजा प्रकरण से जोड़कर पढा जाए तो बहुत कुछ साफ हो जाता है। ख़बर दैनिक भास्कर में आयी है कि मध्य प्रदेश सरकार किसानों के बिजली चोरी के प्रकरण माफ करेगी। मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान ने यह घोषणा करते हुए कहा कि वे गरीबों और किसानों को अदालतों के चक्कर लगाने से बचाना चाहते हैं। मुख्यमंत्री उज्जैन से 16 किमी दूर ग्राम बांदका स्थित औद्योगिक क्षेत्र में 88 करोड़ रुपए की लागत के स्टील प्रोसेसिंग कारखाने के शिलान्यास समारोह में बोल रहे थे। इसमें मुख्य अतिथि केंद्रीय इस्पात व रसायन मंत्री रामविलास पासवान थे।

यह भी ख़बर आयी है कि बिजली चोरी के मामले में नेता ही नहीं अफसर भी पीछे नहीं है। होशंगाबाद की नवीन जेल में स्थित जेलर के शासकीय आवास में भी बिना कनेक्शन लिए बिजली का उपयोग किया जा रहा है। विद्युत वितरण कंपनी तीन बार कनेक्शन काट चुका है। पुलिस लाइन और नवीन जिला जेल क्षेत्र में सीधे तार डालकर बिजली जलाई जा रही है। विद्युत वितरण कंपनी के कार्यपालन यंत्री पीके वर्मा ने मीडिया को बताया कि जेलर के शासकीय आवास की सर्विस लाइन तीन बार काटी जा चुकी है। इसके बाद भी अभी तक कनेक्शन नहीं लिया गया। जेल परिसर के अन्य शासकीय आवासों और पुलिस लाइन के क्वार्टरों की भी यही स्थिति है। एसपी और आरआई को बताने के बाद भी सहयोग नहीं मिल रहा है। इधर जेलर बीके कुड़ापे अपनी सफाई में कहते हैं कि वे जेल के मीटर से लाइन डालकर बिजली जला रहे हैं। विद्युत वितरण कंपनी से कई बार कहा गया लेकिन कनेक्शन नहीं दिया गया। आरआई सुधीर तिवारी का कहना है कि उन्हें पुलिस लाइन में बिजली चोरी होने के बारे में कोई जानकारी नहीं है।

सीहोर के मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (सीएम एचओ) के कार्यालय में भी बिजली चोरी पकड़ी गई है। यहां सीएमएचओ आफिस किराए के भवन में चलता है। पिछले दिनों बिजली वितरण कंपनी की विजिलेंस टीम ने इस दफ्तर में छापा मारा तो बिना मीटर के बिजली जलाई जा रही थी। कंपनी ने करीब एक लाख 22 हजार रुपए जमा करने का नोटिस भी दिया है। इस संबंध में सीएमएचओ डा. एएल मरावी ने बताया कि तीन मीटरों में से एक खराब हो गया था। इस मीटर को बदलने के लिए वितरण कंपनी के अधिकारियों से कहा गया। इस पर उन्होंने खराब मीटर तो निकाल लिया लेकिन नया मीटर नहीं लगाया और खंबे से डायरेक्ट कनेक्शन कर दिया।

Friday, June 13, 2008

क्या मध्यपदेश के गृहराज्य मंत्री बिजली चोर हैं?

मध्यप्रदेश के नवनियुक्त गृह एवं परिवहन राज्य मंत्री रामदयाल अहिरवार के पुत्र द्वारा थानेदार के साथ अभद्र व्यवहार का मामला शांत भी नहीं हो पाया था, कि उनके निजी मकान में कथित तौर पर बिजली चोरी के मामले ने एक नयी मुसीबत और खडी कर दी है।

छतरपुर जिले में स्थित गृह नगर महाराजपुर में श्री अहिरवार के मकान में लगभग सात वर्षों से बिजली का उपभोग किया जा रहा है, लेकिन उनके या परिवार के किसी सदस्य के नाम से बिजली कनेक्शन नहीं हैं। इतना ही नहीं, घर में एयरकंडीशनर भी लगा हुआ है। मामला खबरों में आने के बाद विद्युत मंडल के अधिकारी इस संबंध में बात करने तक तैयार नहीं हैं।

उधर प्रदेश कांग्रेस के मुख्य प्रवक्ता ने आज इस संबंध में राज्यपाल डा बलराम जाखड को पत्र लिखकर श्री अहिरवार को तत्काल बर्खास्त करने की मांग की है। उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य मंत्रिमंडल में हाल में शामिल किये गये श्री अहिरवार के निजी आवास में बिजली चोरी का मामला साबित हो गया है। श्री अग्रवाल ने आरोप लगाते हुये कहा कि श्री अहिरवार अवैध तरीके से बिजली कनेक्शन लेकर पिछले सात- आठ वर्षों से इसका उपभोग कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि मंत्री पुत्र के हाल में हुये विवाह समारोह में भी बिजली चोरी की गयी।

पांच जून को मंत्री पद की शपथ लेने वाले श्री अहिरवार के पुत्र लक्ष्मी ने महाराजपुर के थाना प्रभारी के घर में घुसकर उनके साथ कथित तौर पर मारपीट की थी और घर और परिसर में खडे वाहनों में तोडफोड की थी। इससे संबंधित मामला दर्ज होने पर लक्ष्मी अहिरवार और उनके साथियों को गिरफ्तार कर जमानत पर रिहा कर दिया गया था।

Wednesday, June 4, 2008

15 साल की उम्र में ५० शादियां

आजकल इंदौर के एक पंडित जी की बड़ी चर्चा है। इस पंडित को धार्मिक अनुष्ठान कराने में गजब की महारत हासिल है। इस पंडित जी ने महज 15 साल की उम्र में 50 जोड़ों को शादी के बंधन में बंधवा दिया है।

इंदौर का राहुल इंगले स्थानीय बौद्ध समुदाय के बीच 'नन्हे पंडित' के नाम से मशहूर है। यह प्यार भरी पदवी उसे तीन साल की छोटी-सी उम्र में ही मिल गई थी। उसके पिता साहिब राव इंगले शहर के अन्नपूर्णा क्षेत्र में एक छोटा-सा आटो गैरेज चलाते हैं। इंगले बताते हैं कि बचपन में जब राहुल परिवार के साथ विवाह समारोहों में जाता था तो मंत्रोच्चार को बेहद ध्यान से सुनकर उन्हें पहाड़े की तरह दोहराया भी करता था। नतीजतन विवाह विधान के सभी मंत्र उसे कंठस्थ हो गए। साहिबराव बताते हैं कि राहुल का उत्साह देखकर उसके लिए एक गुरू तलाशा गया। धार्मिक शिविरों में भाग लेकर राहुल ने अनुष्ठान संपन्न करवाने के लिए आवश्यक दीक्षा भी ली है। राहुल का दावा है कि वह जन्म से लेकर मृत्यु तक के सभी संस्कार विधिवत संपन्न करवा सकता है। नवीं कक्षा के छात्र राहुल ने हाल ही में पचासवां विवाह करवाया है। राहुल का कहना है कि वह जीवनभर इस सिलसिले को कायम रखेगा क्योंकि यह एक शुभ काम है और उसे यह काम पसंद भी है। राहुल के यजमान पूरे मध्यप्रदेश और दूसरे राज्यों में भी फैले हैं। विशेष बात यह है कि नन्हे पंडितजी दक्षिणा के रूप में एक पैसा भी नहीं लेते हैं।