भारत की तलाश

 
Showing posts with label ससुराल. Show all posts
Showing posts with label ससुराल. Show all posts

Wednesday, September 10, 2008

बदन पर बम बांधकर बीवी के साथ खुद को उड़ा लिया

मध्य प्रदेश के टीकमगढ़ जिले में एक शख्स खुद ही मानव बम बन गया। मध्यप्रदेश के टीकमगढ़ के रहने वाले मुलायम सिंह ने अपने बदन पर बम बांधकर अपनी बीवी के साथ खुद को उड़ा लिया। मुलायम सिंह की तो दुर्घटना स्थल पर ही मौत हो गई लेकिन उसकी बीवी नीलू सिंह बच गई। वो अस्पताल में जिंदगी और मौत के बीच जंग लड़ रही है।

आईबीएन-7 के मुताबिक हुआ यह कि मुलायम सिंह की बीवी नीलू रक्षाबंधन पर अपने मायके गई हुई थी। मुलायम सिंह कई बार अपनी बीवी को लेने अपनी ससुराल गया लेकिन उसे निराशा ही हाथ लगी। इस घटना वाले दिन से एक दिन पहले भी वो पत्नी को लेने ससुराल गया था। चश्मदीदों के मुताबिक, जिस दिन वो दोबारा ससुराल पहुंचा लेकिन इस बार उसके इरादे बहुत ही खतरनाक थे। उस दिन मुलायम सिंह मानव बम बनकर आया था। उसने अपनी बीवी को बाहर बुलाया और उसे अपने साथ चलने के लिए कहा। जब पत्नी ने मना कर दिया तो मुलायम ने पेट में बंधे बम के ट्रिगर को दबा दिया। मुलायम सिंह ने अपने पेट में जो बम बांधा हुआ था उसे उसने डिटोनेटर के जरिए उड़ाया था।

Friday, July 4, 2008

चिलचिलाती धूप और लू के थपेड़ों के बीच पेड़ से बंधी युवती

कहने को तो नारी आज सफलता की बुलंदियां छू रही हैं,लेकिन सेतरावा गांव में इस युवती की हालत को जब देखा जाए तो, सब बातें खोखली नजर आती हैं। जोधपुर जिले के सेतरावा गांव में 22 वर्षीया युवती चार साल से जंजीरों में जकड़ी हुई हैं। चिलचिलाती धूप और लू के थपेड़ों के बीच एक पेड़ से बंधी इस युवती की दयनीय हालत के जिम्मेदार उसके ससुराल वाले बताए जाते हैं। दाखु देवी 5-6 साल पहले सुनहरे सपने लेकर अपने ससुराल आई थीं। बाद में उसकी कोख से जन्मे बेटे की अचानक मौत होने से ससुराल वालों ने उसे मनहूस समझकर इतना प्रताड़ित किया कि वह मानसिक संतुलन खो बैठी। विक्षिप्त हालत में उसके ससुराल वालों ने उसे पीहरले जाकर छोड़ दिया। लिहाजा अपनी बेटी के हाथ पीले कर ससुराल भेजने वाले मां बाप भी आर्थिक तंगी के चलते उसका इलाज नहीं करवा सके। बेटी की हरकतों से दुखी होकर उन्होंने अपनी लाडली को एक पेड़ से जंजीरों से बांध दिया।

शहर से 110 किलोमीटर दूर शेरगढ़ तहसील निकट सेतरावा गांव के कमीजी की ढाणी निवासी चम्पाराम मेघवाल ने बड़े अरमानों के साथ 5-6 साल पहले अपनी लाडली बिटिया दाखू को डोली में बिठाकर पिया के घर विदा किया। शादी के एक साल बाद उसे पुत्र रत्न की प्राप्ति हुई। ससुराल व पीहर में खुशी का माहौल था। ये खुशियां चंद दिन ही रहीं और दाखू के बेटे की मौत हो गई। बेटे की अचानक मौत होने से ससुराल वालों ने दाखू को मनहूस मान लिया और इतना प्रताड़ित किया कि उसका मानसिक संतुलन बिगड़ गया। फिर पति उसे पीहर छोड़ आया।

दैनिक भास्कर के अनुसार, मानसिक संतुलन खो चुकी दाखू देवी को खुला छोड़ने पर वह हर किसी के साथ अभद्र व्यवहार करने लगती है। गरीबी की मार झेल रहे दाखू के पिता चम्पाराम इलाज के लिए अपनी बेटी को जोधपुर भी लेकर आए,लेकिन यहां भी पैसे नहीं होने की वजह से डॉक्टरों ने इलाज करने से मना कर दिया। तब माता-पिता ने दुखी मन से 4 साल पूर्व दाखू को जंजीर से जकड़कर पेड़ से बांध दिया। आज दाखू की हालत ऐसी है कि वह जंजीरों में जकड़ी दीन दुनिया से बेखबर है। उसके मां-बाप भी इस आस में जी रहे हैं कि उनकी लाडली फिर से ठीक होकर सामान्य जिंदगी बसर करेगी। दाखू की दिनचर्या भी विकट है। सुबह-शाम उसकी मां उसे भोजन खिलाती है और प्यास लगने पर पानी पिलाती है। दिन-रात जंजीर से जकड़ी रहने के कारण शौच आदि वह वहीं करती है। इसकी जानकारी एक एनजीओ संभली ट्रस्ट को मिली तो उन्होंने मौके पर जाकर उसकी दयनीय हालत देखी और उसका उपचार कराने की कोशिश में लगी है।

Monday, April 7, 2008

बहन के अश्लील फोटो तैयार कर, भाई ने किया ब्लैकमेल

ये अपुन का इंडिया है, जहाँ एक 'भाई', बहन को ब्लैकमेल करता है! पहली बार फोटो से छेड़छाड़ कर एक युवती को ब्लैकमेल करने का सनसनीखेज मामला साइबर क्राइम के तहत दर्ज किया गया है। युवती को उसका कंप्यूटर इंजीनियरिंग की पढ़ाई कर रहा चचेरा भाई ब्लैकमेल कर रहा था।

नवभारत टाइम्स की ख़बर के अनुसार, थाना न्यू आगरा क्षेत्र में बिजली कंपनी के एक अधिकारी रहते हैं। फरवरी में उनकी इकलौती बेटी की शादी हुई थी। शादी में उनके भाई का बेटा भी शामिल हुआ था। वह देहरादून में कंप्यूटर इंजीनियरिंग कर रहा है। बताया जाता है कि शादी में जयमाला के बाद स्टेज पर उसने अपने मोबाइल से वधू के फोटो खींच लिए थे। शादी के बाद जूही (परिवर्तित नाम) के ससुराल में एक फोन कॉल पहुंचा। फोन उसी 'भाई' ने किया था। उसने अपने जीजा को एक ई-मेल आईडी और पास वर्ड बताते हुए इसे चेक करने का आग्रह किया।

जीजा ने इस ई-मेल आईडी को खोला तो वह सन्न रह गए। कंप्यूटर पर उनकी पत्नी के अश्लील फोटो थे। उन्होंने अपनी पत्नी और ससुर को सारे मामले की जानकारी दे दी। चचेरे भाई के कारनामे का पता चला तो जूही के होश उड़ गए। जूही के पिता ने अपने भाई को सारे मामले की जानकारी दी। इस बात का पता जब 'भाई' को चला तो उसने अपनी चचेरी बहन को धमकाना शुरू कर दिया और अपने ताऊ से रुपये मांगने लगा। पुलिस के मुताबिक, आरोपी के खिलाफ आईटी ऐक्ट की धारा 66/70 और 506 आईटीसी के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है।