एलएलबी प्रथम वर्ष की परीक्षा में नकल करने के दोषी पाए गए एक आईपीएस अधिकारी को गुजरात यूनिवर्सिटी ने शैक्षणिक सत्र 2007-08 की परीक्षा में फेल घोषित कर दिया है। 1992 बैच के आईपीएस अधिकारी रजनीश राय को फेल करने का फैसला गुजरात विश्वविद्यालय की कार्यकारी परिषद ने किया। यह सिफारिश विश्वविद्यालय सुधार समिति ने की थी।
गुजरात विश्वविद्यालय सुधार समिति ने राय को गांधीनगर स्थित सिद्धार्थ कालेज में एलएलबी प्रथम वर्ष की परीक्षा में नकल का दोषी पाया था। हालांकि, राय को फेल करने के फैसले पर अधिकारी बंटे हुए हैं। कार्यकारी परिषद के सदस्य सुधीर नानावती ने कहा कि 17 अधिकारियों में से सात ने इस निर्णय का विरोध किया। उन्होंने कहा कि इस मामले में सुधार समिति ने जो प्रक्रिया अपनाई, वह विश्वविद्यालय के नियमों के अनुरूप नहीं है। कार्यकारी परिषद के एक अन्य सदस्य मनीष दोषी का भी यही कहना है। उन्होंने कहा कि हम इस मामले में अपनाई गई प्रक्रिया का विरोध कर रहे हैं।
विश्वविद्यालय के इतिहास में ऐसा पहली बार हुआ कि नकल के मामले की जांच खुद कुलपति ने की। दोषी ने कहा कि हम सजा के खिलाफ नहीं हैं लेकिन किसी भी प्रक्रिया में पारदर्शिता होनी चाहिए। इस मामले में ऐसा नहीं हुआ है। राय ने सुधार समिति के फैसले को चुनौती देते हुए हाई कोर्ट में याचिका दायर की थी। इस मामले पर 24 जून को सुनवाई होनी है।
भारत की तलाश
Tuesday, June 10, 2008
नकल का दोषी IPS अधिकारी फेल घोषित
Tuesday, April 8, 2008
कभी तेजतर्रार छात्र नेता: अब पागल
उसके साथ एक जमाने में बंदूकधारी चलते थे। हर वक्त अपनी बात बेबाकी से रखने और छात्रों के हक में लड़ने वाली सोना आजकल गंदे कपड़े पहने विक्षिप्त अवस्था में लखनऊ की सड़कों पर घूम रही है। आज उसका हाल पूछने वाला कोई नहीं है।
सोना वर्मा की कहानी दिल्ली की मॉडल गीतांजलि नागपाल से काफी मिलती-जुलती है। लखनऊ विश्वविद्यालय के पूर्व छात्र नेता शांतनु शर्मा और ऑल इंडिया स्टूडेंट्स आर्मी के कुछ कार्यकर्ताओं ने पिछले दिनों सोना वर्मा को छत्रपति साहूजी महाराज चिकित्सा विश्वविद्यालय (केजीएमयू) के मानसिक रोग विभाग में दाखिल कराया। कई दिन अस्पताल में गुजारने के बाद भी सोना अभी तक सामान्य नहीं हो पाई थी। वह दिनभर बड़बड़ाती रहती है। फिलहाल उसकी हालत बेहतर बताई जा रही है। हालांकि उसे अस्पताल में भर्ती करवाने वाले पूर्व छात्र नेता शांतनु का कहना है कि केजीएमयू के डाक्टर उसके इलाज में लापरवाही बरत रहे हैं। शांतनु शर्मा, सोना की इस हालत के पीछे पूर्व कुलपति आर. पी. सिंह द्वारा सोना को विश्वविद्यालय से निष्कासित करके उसके खिलाफ आपराधिक मामले दर्ज करने को मुख्य वजह मान रहे हैं।
लखनऊ विश्वविद्यालय के पूर्व कुलपति आर। पी. सिंह और कुलानुशासक ए. एन. सिंह की सहमति के बाद वर्ष 2006 में सोना वर्मा के खिलाफ विभिन्न आपराधिक धाराओं के तहत मामले दर्ज कर जेल भिजवा दिया था। उस समय सोना बीए द्वितीय वर्ष की छात्रा थी। उधर ए. एन. सिंह ने इन आरोप को गलत बताते हुए कहा कि जो भी विश्वविद्यालय के अनुशासन को तोड़ेगा उसे सजा तो मिलेगी ही। लखनऊ विश्वविद्यालय की डीन (स्टूडेंट वेलफेयर) निशी पांडे का कहना है कि सोना बहुत झगड़ालू किस्म की लड़की थी और निष्कासन के बाद भी कई बार प्रोफेसरों से लड़ने विश्वविद्यालय परिसर आ जाती थी। बहरहाल लगभग तीन महीने से ज्यादा समय जेल में गुजारने के बाद जब वह बाहर निकली तो कोई उसकी मदद करने को तैयार नहीं था।
इस दौरान बलिया में उसके घर वालों द्वारा तय की गई उसकी शादी भी टूट गई। बुरे दौर में घरवालों ने भी उसे सहारा नहीं दिया। वह सालभर से ज्यादा समय गायब रही। हाल ही में लखनऊ विश्वविद्यालय की इस पूर्व छात्र नेता को लोगों ने लखनऊ की सड़कों पर भटकते हुए पाया।